Press "Enter" to skip to content

शाही परिवार में आया नन्हा राजकुमार

Wednesday, 24 July 2013 09:58

लंदन। प्रिंस विलियम की पत्नी केट मिडलटन ने मंगलवार को यहां एक अस्पताल में एक लड़के को जन्म दिया। ब्रिटिश ताज के बहुप्रतीक्षित उत्तराधिकारी के आगमन की सूचना के साथ ही ब्रिटेन में खुशियों की लहर दौड़ गई। किंग्सटन पैलेस ने बताया कि 31 साल की डचेज ऑफ कैंब्रिज ने स्थानीय समयानुसार शाम चार बजकर 24 मिनट पर लड़के को जन्म दिया। सरकारी रूप से नामकरण होने से पहले ड्यूक और डचेज ऑफ कैंब्रिज की पहली संतान को प्रिंस कैंब्रिज के नाम से जाना जाएगा। प्रिंस कैम्ब्रिज ने मध्य लंदन में सेंट मेरी अस्पताल के निजी लिंदो विंग में जन्म लिया। किंग्सटन पैलेस ने अपने बयान में कहा कि हर रॉयल हाइनेस द डचेज आॅफ कैंब्रिज ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है। शिशु का वजन 3.8 किलोग्राम है। शाही परिवार की पहली संतान ब्रिटिश ताज के उत्तराधिकार की सूची में अपने दादा प्रिंस चार्ल्स और पिता प्रिंस विलियम के बाद तीसरे नंबर पर आएगी। केट ने जब बच्चे को जन्म दिया तो ड्यूक आॅफ कैंब्रिज उनके साथ मौजूद थे। पैलेस ने बयान में कहा कि डचेज और शिशु दोनों स्वस्थ है और वे रातभर अस्पताल में रहेंगे।
बयान में कहा गया है कि महारानी, ड्यूक आॅफ एडिनबर्ग, द प्रिंस आॅफ वेल्स, द डचेज आफ कोर्नवाल, प्रिंस हैरी और दोनों परिवारों के सदस्यों को सूचित कर दिया गया है और वे समाचार पाकर खुश हैं। केट को स्थानीय समयानुसार सुबह छह बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने ट्विटर पर कहा- मैं खुश हूं कि ड्यूक और डचेज की संतान ने जन्म लिया है। पूरा देश जश्न मनाएगा। वे दोनों बेहतरीन माता-पिता साबित होंगे।
/>प्रिंस विलियम और उनकी पत्नी केट के माता-पिता बनने पर दुनिया भर के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ने इस दंपति की पहली संतान के जन्म के मौके पर बधाई दी। ओबामा ने वाइट हाउस में एक बयान में कहा- हम शिशु के आगमन के बाद उनके जीवन में खुशियों के लिए दुआ करते हैं। अमेरिका के लोग खुशी और उत्सव की इस घड़ी में ब्रिटेन के लोगों के साथ हैं। आॅस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री केविन रड ने कहा- यह बहुत खुशी का दिन है। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री जॉन की ने कहा- मुझे लगता है कि लोग इस दंपति को लेकर सचमुच बहुत खुश हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने कहा कि कनाडावासियों को इसका काफी समय से इंतजार था।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी उन्हें बधाई दी। रूसी राष्ट्रपति की प्रेस सेवा ने एक बयान में कहा है कि उन्होंने (पुतिन) नवजात शिशु को आशीष दी है। इजराइली राष्ट्रपति शिमोन पेरेस ने कहा कि समूचा यहूदी राष्ट्र मेरे साथ शाही परिवार को शुभकामनाएं दे रहा है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने युवा शाही दंपति को लिखे एक पत्र में कहा कि नन्हें राजकुमार के जन्म की खुशखबरी ने फ्रांस के लोगों को आनंदित कर दिया है। जापानी प्रधानमंत्री शिंजो अबे ने अपने ब्रिटिश समकक्ष डेविड कैमरन को एक बधाई संदेश भेजा है। मुख्य कैबिनेट सचिव योशींदे सुजा ने अबे के हवाले से संदेश में कहा- हमें उम्मीद है कि इस मौके के साथ जापान के लोग ब्रिटेन से नजदीकी महसूस करेंगे। (भाषा)।    

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.