Press "Enter" to skip to content

MP News: मां बोली- बच्चा पैदा करने के लिए प्रताड़ित किया, 8 महीने बाद ही बेटी ने आत्महत्या कर ली, पति गिरफ्तार

विस्तार सागर जिले में गोपालगंज थाना एरिया की श्रीराम कॉलोनी में एक नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली। शनिवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि हो गई। साथ ही मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी मिले, जिसके बाद परिवार वालों के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर पांच दिन बाद पुलिस ने महिला के पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।

वहीं, आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया। महिला की मां ने आरोप लगाया था कि बेटी के साथ दामाद और उसकी मां मारपीट करते थे। दोनों दहेज में 20 लाख रुपये लाने की मांग करते हुए उसकी पिटाई करते थे। जबकि हमने शादी के वक्त ही उन्हें 20 लाख रुपये कैश दिए थे।

कटनी की रहने वाली प्रतिष्ठा उर्फ ऊर्जा शर्मा (27) की शादी सागर जिले के रहने वाले पुनीत शर्मा से 20 जनवरी 2022 को हुई थी। पुनीत के पिता पूर्व तहसीलदार थे, उनका निधन हो चुका है। वहीं, प्रतिष्ठा की मां धर्मिष्ठा कटनी में टीचर हैं और पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं। धर्मिष्ठा के मुताबिक, शादी के कुछ दिनों बाद ही पुनीत और उसकी मां दहेज को लेकर प्रतिष्ठा से मारपीट करने लगे। उन्होंने मायके से 20 लाख रुपये लाने के लिए दबाव बनाया। पुनीत कुछ काम भी नहीं करता है। नशे में धुत होकर आए दिन बेटी के साथ मारपीट करता था।

प्रतिष्ठा का शव घर में फंदे पर मिला। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा बनाया और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतका के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। गोपालगंज थाना प्रभारी कमल सिंह ठाकुर ने बताया, नवविवाहिता के पति पुनीत और सास के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच सीएसपी प्रवीण अस्थाना को सौंपी गई है। आरोपी पुनीत शर्मा प्रतिष्ठा की अस्थि विसर्जन के लिए इलाहाबाद गया था। शुक्रवार रात जैसे ही वह सागर लौटा, पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

प्रतिष्ठा की मां धर्मिष्ठा ने कहा, बेटी की हत्या कर ससुराल वालों ने फंदे पर लटकाया है। बेटी के शरीर पर चोटों के निशान हैं। हाथों पर कट लगे हैं, जैसे किसी धारदार चीज से काटा गया हो। प्राइवेट पार्ट में भी चोटों के निशान हैं। हमने पैतृक संपत्ति बेचकर दहेज में 21 लाख रुपये दिए थे। दामाद पुनीत नशा करता है, वह अक्सर बेटी से दहेज की मांग और बच्चा पैदा करने की बात कहकर प्रताड़ित करता था। प्रतिष्ठा ने इस बारे में बताया भी था। हम आपस की बात समझकर टालते रहे। बेटी को न्याय मिलना चाहिए।

More from मध्य प्रदेशMore posts in मध्य प्रदेश »

Be First to Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *